मधेपुरा | आलमनगर:
मधेपुरा जिले के आलमनगर प्रखंड अंतर्गत सोना मुखी चौक के समीप बायपास रोड पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने 14 वर्षीय किशोर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
मृतक की पहचान मनीष कुमार उर्फ प्रिंस कुमार (उम्र 14 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पिता रुदल यादव, निवासी लदमा वार्ड नंबर-7 का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे प्रिंस दूध बेचने के लिए आलमनगर आया था और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि प्रिंस अपने एक दोस्त के साथ साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान बायपास रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार हाईवा ने साइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त बाल-बाल बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवा चालक को हिरासत में लेकर वाहन को जब्त कर लिया! आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इधर, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


0 टिप्पणियाँ